Wednesday, May 13राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर आपका स्वागत है... अभी सम्पर्क करें ९८२७३६०३६०

जन सेवक- जनता

कमल किशोर नीमा
उज्जैन (मध्य प्रदेश)
********************

हम जनता है, जन सेवक बनाना हमारा मौलिक अधिकार है ।जन सेवक बनने के लिए किसी को भी कोई विश्व विद्यालय की डिग्री की आवश्यकता नहीं है। जन सेवक बनने की शुरुआत अपने क्षेत्र मे छोटे-छोटे अपराधों जैसे कोई मारपीट या छेड़खानी आदि से शुरू कर सकते है। आप को कुछ माह की जेल भी हो सकती है लेकिन आपको कोई चिंता नहीं करनी चाहिये क्योंकि जेल मे रहकर वहाँ का अनुभव आप को आगे भी काम आयेगा। जेल मे रहने से आपकी पहचान पुलिस महकमे के साथ साथ बड़े अपराधियों से भी होगी जिससे आप को हौसला मिलेगा और आप आगे बढ़ेंगे। आप बड़े अपराध जेसे हप्ता वसूली शहर के बड़े लोगों को डराने, भू माफियाओं आदि के काम से आपका नाम अख़बारों मे व टीवी चैनलों के माध्यम से फेमस होगा। यदि आप लोगों की भावनाएं भड़का कर दंगा फसाद करवाते है तो इससे भी आप को कोई परेशानी नहीं होगी क्योंकि पुलिस आपको दंगा भड़काने के अपराध में सुरक्षित रुप से वाहन मे बैठा कर गिरफ़्तार कर पुलिस थाने मे ले जाएगी, उसके बाद पुलिस आम जनता पर लाठी डंडे बरसा कर भगाने का काम करेगी।

मामला शांत होते ही पुलिस आपको घर भेज देगी फिर भी कोई संगीन अपराध मानकर क़ानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी तो निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक सज़ा मिलने मे दस बीस साल व्यतीत हो जाएँगे और इस बीच आप अपना कारोबार डान बनने की ऊँचाई तक पहुँचा सकते है। आप विदेश में रह कर भी क़ानून की पहुँच से दूर अपनी धाक क़ायम रख सकते है। क़ानून यदि आपको मृत्युदंड देता है तो जनता मानवीय आधार पर इसका घोर विरोध करेंगी क्योंकि आम जनता पीड़ित पक्ष नहीं हैं। आम जनता को आपने कोई पीड़ा नहीं पहुँचाई है। पीड़ित व्यक्ति से आम जनता को कोई पीड़ा नहीं होती है। जनता सरकार को टैक्स इसलिए देती हैं ताकि वह अपराधियों की देखभाल ठीक से कर सके व उनकी सुख सुविधाओं का पूरा ध्यान रख सकें। यदि कोई सजा मिलती है तो वो भी आपको प्रसिद्धि प्राप्त करने मे सहायक होगी। सजा पूरी कर बाहर आने पर आपके स्वागत मे फूलों की माला लिए जनता आपको बधाई देने के लिये तैयार खड़ी रहेगी। कुछ समय मे राजनीतिक पार्टियां आपको अपनी पार्टी मे शामिल करने के लिये आमंत्रित कर आपको चुनाव लड़वा सकती है। यदि आप जेल मे है तो भी आप चुनाव लड़ सकते है। क़ानूनी रूप से भी आप वैधानिक उम्मीदवार रहेंगे। जनता आपको पूरे सम्मान के साथ चुनाव जीतने मे सहयोग करेगी। चुनाव जीतने के बाद आपको बड़े अधिकारी भी नमस्कार करेंगे। एक बार चुनाव जीतने पर पाँच साल के बाद आप पेंशन एवं अनेक सुविधाएं प्राप्त करने के पात्र होंगे। चुनाव जीतने के बाद आप जनता से किये वादे भूल भी जाते है तो कोई बात नहीं है आप जन सेवक की श्रेणी मे तो आही जाएँगे। जनता है फिर देश हित मे आप जैसे कोई जन सेवक की तलाश मे जुट जाएगी।

परिचय :- कमल किशोर नीमा
पिता : मोतीलाल जी नीमा
जन्म दिनांक : १४ नवम्बर १९४६
शिक्षा : एम.कॉम, एल.एल.बी.
निवासी : उज्जैन (मध्य प्रदेश)
रुचि : आपकी बचपन में व्यायाम शाला में व्यायाम, क्षिप्रा नदी में तैराकी और शिक्षा अध्ययन के साथ कविता, गीत, नाटक लेखन मंचन आदि में गहन रूचि रही है।
व्यवसाय सेवा : आप सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग. सन् १९६४ से सन् १९७० तक एवं सन् १९७१ से सन् २००६ तक के उद्योग जगत के साथ काम करते रहे। सेवा निवृत्ति के बाद ईश्वर की प्रेरणा से पिछले पांच वर्षों से भगवान का भजन आरंभ हुआ है। वर्तमान में लगभग २० भजन लिखे गए हैं, जिनमें १६ भजन यू ट्यूब पर संगीतकार द्वारा संगीतबद्ध करवा कर प्रसारित किए गए हैं जिन्हें यू ट्यूब सनातनम ​​भक्ति २एम स्टूडियो सर्च कर पृथक किया जा सकता है। अयोध्या में श्री राम मंदिर में श्री राम जी की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर टॉवर चौक पर भजन संध्या के अवसर पर आपके द्वारा लिखित भजनों की प्रस्तुति दी गई।

घोषणा पत्र : मैं यह प्रमाणित करता हूँ कि मेरी यह रचना स्वरचित एवं मौलिक है।


कृपया लिंक को टच कर रचना पढ़ें एवं कमेंट बॉक्स में अपने विचार रख कविता को लाइक करें …🙏🏻😊💐💐💐 राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर अपनी रचनाएँ प्रकाशित करवाने हेतु अपनी कविताएं, कहानियां, लेख हिंदी में टाईप करके हमें hindirakshak17@gmail.com पर अणु डाक (मेल) कीजिये, अणु डाक करने के बाद हमे हमारे नंबर 98273 60360 पर सूचित अवश्य करें …🙏🏻 राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच का सदस्य बनने हेतु हमारे चलभाष क्रमांक 98273 60360 पर अपना नाम और कृपया मुझे जोड़ें लिखकर हमें भेजें…🙏🏻

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *