
डॉ. मुकेश ‘असीमित’
गंगापुर सिटी, (राजस्थान)
********************
मानव मस्तिष्क में सर्वथा अनधिकृत कब्ज़ा जमाए जब लाड़ी, गाड़ी, ताड़ी की बात होती है, वहाँ भला साड़ी जैसा “मानव सभ्यता का परम रहस्य” चर्चा से बाहर कैसे रह सकता है? जी हाँ, साड़ी, महज़ एक कपड़ा नहीं, बल्कि एक दर्शनशास्त्र है। बल्कि हम कहें तो यह एक विज्ञान है और एक ऐसी रणभूमि है जहाँ कई पुरुष योद्धा धराशायी हुए हैं। तो चलिए, इस दार्शनिक यात्रा पर चलते हैं और समझते हैं साड़ी दर्शनशास्त्र के कुछ गहन सूत्र। यह वह रणभूमि है, जहाँ से लौटकर आने वाले पति अपनी वीरगाथाएँ नहीं, बल्कि आहें सुनाते हैं। साड़ी कोई साधारण मानवीय आविष्कार नहीं, बल्कि स्वयं ईश्वर की पहली कलाकृति है। और जैसे ईश्वर की रचना को पूरी तरह समझना किसी के बस में नहीं, वैसे ही साड़ी के रंगों और शेड्स को समझ पाना भी नामुमकिन है। हमारे पौराणिक ग्रंथों में कहा जाता है कि जब भगवान ने सृष्टि की रचना की, तो उन्होंने हर रंग को बनाया। लेकिन फिर वो सोच में पड़ गए कि इन रंगों का क्या करें? कुछ भक्त कहते हैं कि उन्होंने इंद्रधनुष बनाया, कुछ कहते हैं कि फूल बनाए, पर असली कहानी कुछ और ही है।
जब रंगों का उत्पादन बाढ़ का रूप धारण करने लगा, तो इस प्रलय में सृष्टि को डूबने से बचाने के लिए साड़ी का आविष्कार हुआ। जैसे हलाहल को पीने के लिए भगवान शंकर आगे आए थे, वैसे ही रंगों और शेड्स की इस बाढ़ को पीने के लिए साड़ियाँ इस संसार में भेजी गईं। जितने जीवों की रचना इस जगत में हुई, भगवान ने हर प्राणी को यूनिक बनाया। यहाँ तक कि दो जुड़वा भाई भी कुछ मायनों में एक जैसे नहीं होते। उसी प्रकार साड़ियों को बनाते वक्त भी इस बात का ध्यान रखा गया कि दो साड़ियाँ कभी एक ही रंग की न हों। यहीं से रंग, रंगों के भीतर निहित शेड और शेड के भीतर निहित माइक्रो शेड का प्रादुर्भाव हुआ। शायद कंप्यूटर ने भी इतनी शेड्स की रेंज विकसित न की हो। फोटोशॉप की शेड रेंज भी इनके आगे पानी भरने लगे,जितने शेड्स साड़ियों में होते हैं।
जहाँ आपको कल केवल काला दिखता था, वहाँ साड़ियों ने उस काले के भीतर गहरा, हल्का, भूरा, तीखा, कम, ज़्यादा, धूसर जैसे शेड्स खोज निकाले हैं। इस प्रकार आपके जीवन में रंगों के प्रति जो काला अध्याय निल-बटे सन्नाटा के रूप में जुड़ा हुआ था उसे उजला किया है। साड़ी खरीदना शॉपिंग नहीं, बल्कि तपस्या है। यह एक ऐसा मनोवैज्ञानिक प्रयोग है जहाँ रंगों के शेड, धैर्य की सीमाएँ और पति की सहनशीलता सब एक साथ परखे जाते हैं।
मेरे साथ तो एक बार ऐसा हुआ कि सालगिरह पर साड़ी लाया। पत्नी बोलीं, “ऐसी मेरे पास है।” बदलकर लाया तो वैसी उनकी सहेली के पास निकली। तीसरी पसंद आई, लेकिन दूसरे रंग में। रंग मिला तो मैचिंग ब्लाउज़ की खोज शुरू हुई। तब समझ आया कि साड़ी खरीदकर घर लौटना यात्रा की समाप्ति नहीं, अगली यात्रा का प्रस्थान है। दुकानदार अब मुझे नाम से पहचानता है। पत्नी की पसंद अभी तक नहीं पहचान पाया। इस उपलब्धि पर भी गर्व है। थोड़ा बहुत ही सही।
शादीशुदा जीवन का एक और काला अध्याय है, पति का साड़ी चयन में योगदान। आपकी पत्नी एक साड़ी पहनकर आपसे पूछे, “कैसी लग रही है?” और आप बिना सोचे-समझे कहें, “बहुत बढ़िया!” फिर वो दूसरी पहनकर पूछे, “और ये?” और आप दोहराएँ, “वाह! इससे भी बढ़िया!” इस तरह पाँचवीं, छठी साड़ी के बाद वो वही साड़ी ले लेती है जिसे उसने सबसे पहले रिजेक्ट किया था। आप झुंझलाकर पूछ बैठते हैं, “जब तुम्हें अपनी पसंद की ही लेनी थी, तो मुझसे पूछा क्यों?” मित्र, यह ट्रैप है। आपकी चॉइस के घटियापन का जीता-जागता सबूत पेश करने का तरीका है। वो कहेंगी,“इसलिए पूछा ताकि यह कन्फर्म हो जाए कि तुम्हारी चॉइस घटिया है। मुझे वो साड़ी पहले ही पसंद थी, पर तुम्हारी राय ने मेरे विश्वास को और पक्का कर दिया। तुम घटिया, तुम्हारी चॉइस घटिया, तुम्हारी सलाह घटिया!”
बस, यहीं पर सारे तर्क, सारी समझदारी और सारा पुरुष-अहंकार मिट्टी में मिल जाता है। साड़ी दर्शन का अंतिम सत्य यही है कि इस विषय पर कोई भी राय देना या लेना, एक जोखिम भरा काम है। तो अगली बार जब आप किसी साड़ी की दुकान पर जाएँ और अपनी पत्नी को साड़ियों के ढेर में खोया हुआ देखें, तो बस मुस्कुराइए। मुँह मत बनाइए,वरना घर पर बीवी मुँह बना लेगी। आपको कौन बचाएगा? बाहर कोने में पड़े एक स्टूल पर बैठ जाइए, अपनी जेब और तनी हुई भवों को ढीला कीजिए, दुकानदार के द्वारा मँगाया गया गन्ने का जूस गटकते रहिए।
टाइम इम्मोर्टल है, यह साड़ी-खरीद यात्रा भी।
बस, आप इस अंत-यात्रा का आनंद लीजिए।
निवासी : गंगापुर सिटी, (राजस्थान)
व्यवसाय : अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ
लेखन रुचि : कविताएं, संस्मरण, व्यंग्य और हास्य रचनाएं
प्रकाशन : शीघ्र ही प्रकाशित पुस्तक “नरेंद्र मोदी का निर्माण: चायवाला से चौकीदार तक” (किताबगंज प्रकाशन से), काव्य कुम्भ (साझा संकलन) नीलम पब्लिकेशन, काव्य ग्रन्थ भाग प्रथम (साझा संकलन) लायंस पब्लिकेशन।
प्रकाशनाधीन : व्यंग्य चालीसा (साझा संकलन) किताबगंज प्रकाशन, गिरने में क्या हर्ज है -(५१ व्यंग्य रचनाओं का संग्रह) भावना प्रकाशन। देश विदेश के जाने माने दैनिकी, साप्ताहिक पत्र और साहित्यिक पत्रिकाओं में नियमित रूप से लेख प्रकाशित।
घोषणा पत्र : मैं यह प्रमाणित करता हूँ कि सर्वाधिकार सुरक्षित मेरी यह रचना, स्वरचित एवं मौलिक है।
राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर अपनी रचनाएँ प्रकाशित करवाने हेतु अपनी कविताएं, कहानियां, लेख हिंदी में टाईप करके हमें hindirakshak17@gmail.com पर अणु डाक (मेल) कीजिये, अणु डाक करने के बाद हमे हमारे नंबर 98273 60360 पर सूचित अवश्य करें …🙏🏻 राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच का सदस्य बनने हेतु हमारे चलभाष क्रमांक 98273 60360 पर अपना नाम और कृपया मुझे जोड़ें लिखकर हमें भेजें…🙏🏻

