Tuesday, November 17राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर आपका स्वागत है... अभी सम्पर्क करें ९८२७३६०३६०

छोड़ पीछे हर थकान

अनुराग बघेल
लोरमी, मुंगेली (छत्तीसगढ़)
********************

नन्हे पंखों में समेटे,
आसमान का ख्वाब है,
मुश्किलें चाहे जितनी हों,
हौसला बेहिसाब है।

राह की बंद दिशाओं से,
तू कभी घबराना मत,
धुँधली -सी इस सुबह से,
हार मान जाना मत।
रोकेंगी दीवारें तुझको,
टोकेंगे ये साए भी,
काँटों से भरे मिलेंगे,
रास्ते जो मन को भाए भी।

पर याद रख, तू थककर
अगर बैठ जाएगा,
तो अपनी ही आँखों में,
खुद को छोटा पाएगा।
पंख खोल, उड़ान भर,
यह खुला आकाश तेरा है,
हर काली रात के बाद,
एक नया सवेरा है।

तूफ़ान अगर आए तो,
रुख़ मोड़ना सीख ले,
चट्टानों को चीरकर,
रास्ता बनाना सीख ले।
गिरना भी तो एक कला है,
सँभलकर उठ जाने की,
हार से ही मिलती है,
कीमत जीत पाने की।

जब तक न मिले मंजिल,
थमना नहीं, रुकना नहीं,
परिस्थितियाँ कैसी भी हों,
कभी झुकना नहीं।
छू ले गगन की ऊँचाइयों को,
छोड़ पीछे हर थकान,
करने का अब वक्त आ गया है,
मंजिल की असली उड़ान।

परिचय :- अनुराग बघेल
पता : ग्राम बिजराकापा खुर्द, तहसील लोरमी, जिला मुंगेली ((छत्तीसगढ़)
घोषणा पत्र : मैं यह प्रमाणित करता हूँ कि मेरी यह रचना स्वरचित एवं मौलिक है।


राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर अपनी रचनाएँ प्रकाशित करवाने हेतु अपनी कविताएं, कहानियां, लेख हिंदी में टाईप करके हमें hindirakshak17@gmail.com पर अणु डाक (मेल) कीजिये, अणु डाक करने के बाद हमे हमारे नंबर 98273 60360 पर सूचित अवश्य करें …🙏🏻 राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच का सदस्य बनने हेतु हमारे चलभाष क्रमांक 98273 60360 पर अपना नाम और कृपया मुझे जोड़ें लिखकर हमें भेजें…🙏🏻

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *