
नील मणि
मवाना रोड (मेरठ)
********************
भारत तेज़ी से आधुनिक परिवहन व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। इसी दिशा में दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के अंतर्गत चल रही “नमो भारत” रैपिड रेल ने नया इतिहास रच दिया है। यह केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि भविष्य की स्मार्ट, सुरक्षित और तेज़ यातायात व्यवस्था का प्रतीक बन चुकी है। इसकी गति और आधुनिक सुविधाओं ने पारंपरिक मेट्रो प्रणालियों के कई रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।
“नमो भारत” भारत की पहली क्षेत्रीय त्वरित परिवहन प्रणाली (RRTS) है, जिसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) द्वारा विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दिल्ली, गाज़ियाबाद और मेरठ जैसे शहरों के बीच तेज़, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराना है।
मेरठ से दिल्ली की मेरी हाल की यात्रा इस बार कुछ अलग और यादगार रही। वर्षों से सड़क के लंबे जाम, धूल, धक्का-मुक्की और घंटों की थकान भरी यात्राएँ देखती आई थी, इसलिए मन में यही सोच थी कि सफर तो बस “काटना” होता है। लेकिन इस बार दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) की “नमो भारत” रैपिड रेल में बैठते ही लगा कि अरे! सफर भी आनंददायक हो सकता है।
स्टेशन पर पहुँचते ही साफ-सफाई, अनुशासन और आधुनिक व्यवस्था ने मन मोह लिया। टिकट लेने से लेकर प्लेटफॉर्म तक हर व्यवस्था सहज थी। भीड़ होने के बावजूद कोई अफरा-तफरी नहीं दिखी। रैपिड प्लेटफॉर्म पर आई, आलीशान वैभव की प्रतीक व साफ-सुरक्षित आधुनिक बनावट देखकर लगा मानो किसी शाही ट्रेन में सफर करने जा रहे हों।
ट्रेन के अंदर प्रवेश करते ही ठंडी, स्वच्छ और शांत हवा ने स्वागत किया। आरामदायक सीटें, साफ फर्श, डिजिटल सूचना स्क्रीन और व्यवस्थित माहौल- सब कुछ इतना सुसज्जित था कि यात्रा का तनाव वहीं खत्म हो गया। सबसे बड़ी बात, सफर में न सिगरेट बीड़ी का धूंआ, न कान फोड़ने वाला शोर और न ही सड़क यात्रा जैसी थकान। दिल्ली कब आ गया, पता ही नहीं चला।
इस यात्रा का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब आया जब पता चला कि रैपिड की ऑपरेटर भी एक युवती है। पूरे आत्मविश्वास और दक्षता के साथ वे इतनी तेज़ रफ्तार ट्रेन का संचालन कर रही थी। वहीं यात्री परिचारिका (ट्रेन अटेंडेंट) भी एक लड़की थी, जो यात्रियों की सहायता बड़ी विनम्रता और सजगता से कर रही थी। उन्हें देखकर मन गर्व से भर उठा। लगा कि आज की भारतीय बेटियाँ केवल घर या दफ्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश की आधुनिक प्रगति की कमान भी संभाल रही हैं। उन दोनों युवतियों को देखकर लगा कि भारत सचमुच बदल रहा है- जहाँ गति भी है, सुरक्षा भी और समान अवसर भी।
इस यात्रा ने केवल समय और धन की बचत ही नहीं की, बल्कि मन में नई ऊर्जा और विश्वास भी भर दिया। अब सफर केवल मंज़िल तक पहुँचने का माध्यम नहीं रहा, बल्कि अपने आप में एक सुखद अनुभव बन गया है। नमो भारत रैपिड रेल सचमुच आधुनिक भारत की तेज़, स्वच्छ, सुरक्षित और प्रेरणादायक तस्वीर प्रस्तुत करती है।
नमो भारत, भारत की प्रगति, तकनीकी विकास और आधुनिक सोच का प्रतीक है। यह परियोजना न केवल यात्रा को तेज़ और सुविधाजनक बना रही है, बल्कि देश को स्मार्ट और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन की ओर भी आगे बढ़ा रही है।
निवासी : राधा गार्डन, मवाना रोड, (मेरठ)
घोषणा : मैं यह प्रमाणित करती हूँ कि मेरी यह रचना स्वरचित एवं मौलिक है।
कृपया लिंक को टच कर रचना पढ़ें एवं कमेंट बॉक्स में अपने विचार रख कविता को लाइक करें …🙏🏻😊💐💐💐 राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर अपनी रचनाएँ प्रकाशित करवाने हेतु अपनी कविताएं, कहानियां, लेख हिंदी में टाईप करके हमें hindirakshak17@gmail.comपर अणु डाक (मेल) कीजिये, अणु डाक करने के बाद हमे हमारे नंबर 98273 60360पर सूचित अवश्य करें …🙏🏻 राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच का सदस्य बनने हेतु हमारे चलभाष क्रमांक 98273 60360 पर अपना नाम और कृपया मुझे जोड़ें लिखकर हमें भेजें…🙏🏻


















