Monday, May 20राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर आपका स्वागत है... अभी सम्पर्क करें ९८२७३६०३६०

जब श्रृंगार सजाती कविता

अंजनी कुमार चतुर्वेदी
निवाड़ी (मध्य प्रदेश)
********************

भाव हृदय का बाहर आकर,
कविता बन जाता है।
अगर भाव दिल को छू जाए,
तब जन-जन गाता है।

कविता क्या है,भाव हृदय का,
प्रमुदित मन हो जाता
भावविभोर खिला जीवन को,
सुंदरवन हो जाता।

उठा कलम कुछ भी लिख डाला,
तब कविता रोती है।
सार्थक लिखे कलम जिसकी भी,
वही सीप मोती है।

अरी कलम, लिख डाल भुखमरी,
और गरीबी लिख दे।
अत्याचार पाप तू लिख दे,
मजबूरी भी लिख दे।

रही लेखनी सदा समर में,
कवियों का ही गहना।
दिनकर सूर निराला जी की,
कविता का क्या कहना।

कभी तोड़ती पत्थर लिक्खा,
मीरा का दुख दर्द लिखा।
रसवंती हुंकार भी लिखी,
कुरुक्षेत्र, प्रणभंग लिखा।

मन की वीणा झंकृत होती,
जिसको पढ़ लेने से।
कैसे कोई कवि बन सकता,
कुछ भी लिख लेने से।

कविता भाती सारे जग को,
है इतिहास पुराना।
ओजपूर्ण कविता का जग में,
सब ने लोहा माना।

जब कविता श्रृंगार सजाती,
लाज, लाज को आती।
मधुर मिलन की आस ह्रदय में,
घूँघट में शर्माती।

वात्सल्य रस पीती कविता,
माँ का आँचल गीला।
माँ का प्यार दिखे बच्चे को,
लाल गुलाबी पीला।

स्तर हीन लिखें जो कविता,
वे भाषा के दुश्मन।
क्यों कर कलम चलाते हैं वे,
जिनके है कलुषित मन।

गरिमा मय साहित्य सदा ही,
कवि का मान बढ़ाता।
भरी भाव से सुंदर कविता,
मनमोहित हो जाता।

करें प्रतिज्ञा वचनबद्ध हो,
पावन कलम चलाएं।
कविता को आँचल में रखकर,
कर दें दूर बलाएं।

भरी विश्व के कवियों ने भी,
कविता में गहराई।
शिखर हिमालय सी ऊँचाई,
है कविता ने पाई।

चाँद सितारों सा चमका दें,
हम प्यारी कविता को।
सारा जग यों शीश झुकाए,
ज्यों झुकता सविता को।

परिचय :अंजनी कुमार चतुर्वेदी
निवासी : निवाड़ी (मध्य प्रदेश)
शिक्षा : एम.एस.सी एम.एड स्वर्ण पदक प्राप्त
सम्प्रति : वरिष्ठ व्याख्याता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक २ निवाड़ी
घोषणा पत्र : मैं यह प्रमाणित करता हूँ कि सर्वाधिकार सुरक्षित मेरी यह रचना, स्वरचित एवं मौलिक है।


आप भी अपनी कविताएं, कहानियां, लेख, आदि राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर अपने परिचय एवं छायाचित्र के साथ प्रकाशित करवा सकते हैं, राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर अपनी कविताएं, कहानियां, लेख, आदि प्रकाशित करवाने हेतु अपनी कविताएं, कहानियां, लेख, हिंदी में टाईप करके हमें hindirakshak17@gmail.com पर अणु डाक (मेल) कीजिये, अणु डाक करने के बाद हमे हमारे नंबर ९८२७३ ६०३६० पर सूचित अवश्य करें …🙏🏻

आपको यह रचना अच्छी लगे तो साझा अवश्य कीजिये और पढते रहे hindirakshak.com राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच से जुड़ने व कविताएं, कहानियां, लेख, आदि अपने चलभाष पर प्राप्त करने हेतु राष्ट्रीय  हिन्दी रक्षक मंच की इस लिंक को खोलें और लाइक करें 👉 👉 hindi rakshak manch  👈… राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच का सदस्य बनने हेतु अपने चलभाष पर पहले हमारा चलभाष क्रमांक ९८२७३ ६०३६० सुरक्षित कर लें फिर उस पर अपना नाम और कृपया मुझे जोड़ें लिखकर हमें भेजें…🙏🏻.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *