Tuesday, November 17राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर आपका स्वागत है... अभी सम्पर्क करें ९८२७३६०३६०

दीवाली नजदीक आ गई है!

डॉ. मुकेश ‘असीमित’
गंगापुर सिटी, (राजस्थान)

********************

दीवाली नजदीक आ गई है। इसका पता मुझे कैलेंडर देखकर नहीं, बल्कि तब चला, जब बाजार बिन बुलाए मेहमान की तरह मेरे दरवाजे पर दस्तक देने लगा। नून-तेल से लेकर कंघी बेचने वाली कंपनियाँ मेरी दीवाली यादगार बनाने के लिए मुझ पर पिल पड़ी हैं। कोई एक पर एक फ्री दे रहा है, कोई एक पर दो। मेरी जेब की हालत-ए-सूरत समझकर कोई लोन देने को तैयार है, कोई ईएमआई की सुविधा दे रहा है। क्रेडिट कार्ड से भुगतान करूँ तो अतिरिक्त छूट भी मिलेगी। इतनी निस्वार्थ सेवा देखकर लगता है, देश में परोपकार अभी जीवित है।
कोई कंपनी नकली मावे और यूरिया युक्त मिठाइयों से मेरा मुँह मीठा कराना चाहती है। कोई मेरे फटे जूते बदलने को आतुर है, तो कोई मुझे नए कपड़े पहनाना चाहती है। मेरी इतनी फिक्र तो बचपन में माँ ने भी नहीं की और शादी के बाद पत्नी ने भी नहीं। हद तो तब हो गई, जब एक कंपनी ने मेरी ओर से खुद ही ऑर्डर दे दिया। फोन आया।
“सर, आपका ग्यारह सौ रुपये का सामान है। कहाँ डिलीवर करना है?”
मैंने पूछा, “मैंने क्या मँगवाया है?”
“सर, जूते लग रहे हैं।”
मैंने पत्नी से पूछा, “तुमने जूते मँगवाए क्या?”
वे भड़क गईं, “पागल हो गए हो? अभी पुराने जूते इतने भी पुराने नहीं हुए। दीवाली के बाद आफ्टर सेल लगेगी, तब देखेंगे। जरूर तुमने खुद मँगवाए होंगे। मुझे बुद्धू बना रहे हो!” मैं चुपचाप खिसक लिया। सोचने लगा, जिन जूतों के लिए पत्नी दो दीवाली से मुझे टरका रही है, उनकी चिंता किसी अनजान कंपनी को है! आखिर उसे पता कैसे चला कि मेरे जूते फट गए हैं? संभव है, अगली बार कोई कंपनी मेरी पुरानी बेल्ट की
सुध ले ले। श्रीमती जी का तर्क है कि मुझे नई-पुरानी चीजों में अंतर समझ नहीं आता, इसलिए मेरे लिए कुछ बदलने का लाभ नहीं। बात सही है। जब पति का पच्चीस साल पुराना मॉडल बिना बदले चल रहा है, तो जूतों को बदलने की क्या आवश्यकता? बेचारी पत्नी भी क्या करे! बाजार में कपड़ों, जूतों और मोबाइल के एक्सचेंज ऑफर हैं, पति के नहीं। इस मामले में कंपनियाँ भी हाथ खड़े कर चुकी हैं।

खैर, मुझे लगा कृत्रिम बुद्धिमत्ता इतनी विकसित हो गई है कि कंपनियाँ ग्राहक की जरूरत उससे पहले जान लेती हैं। ऊपर से कैश ऑन डिलीवरी की सुविधा! पहले सामान पकड़िए, फिर पैसे दीजिए। विश्वास की इससे बड़ी मिसाल क्या होगी? मैंने ग्यारह सौ रुपये चुकाए और पैकेट लेकर विजयी मुद्रा में पत्नी के सामने पहुँचा। “देखो, जिन जूतों के लिए तुमसे दो साल गुहार लगाई, वह कंपनी ने सुन ली!” पत्नी कभी मुझे देखतीं, कभी पैकेट को। उनके चेहरे पर हल्की ईर्ष्या थी। संभवतः वह कंपनी उन्हें सौतन नजर आने लगी थी।
मैंने गर्व से पैकेट खोला। अंदर एक जूता था। सिर्फ एक! वह भी दाएँ पैर का। पत्नी चिल्लाईं, “हे भगवान! दूसरा कहाँ है?” मैंने जूते को गौर से देखा। उसकी हालत ऐसी थी, मानो किसी मंदिर के बाहर से उठाकर भेज दिया गया हो। अब संभावनाएँ अनेक थीं। शायद कंपनी समझती हो कि मेरा बायाँ पैर नहीं है। संभव है, दूसरा जूता अभी निर्माणाधीन हो। हो सकता है, किसी दूसरे ग्राहक को भेज दिया गया हो। यह भी संभव है कि डिलीवरी बॉय को दूसरा जूता पसंद आ गया हो।
फिर विचार आया, कहीं कंपनी ने जूता पहनने के बजाय चलाने के लिए तो नहीं भेजा? या जूते खाने के लिए? मन आशंकाओं का कारखाना है, उत्पादन कभी बंद नहीं होता। बिल पर दिए नंबर पर फोन लगाया। व्यस्त मिला। अच्छी कंपनियों के फोन व्यस्त ही रहते हैं। आखिर मेरे जैसे
हजारों ग्राहकों की सेवा का भार जो है! तीन दिन से फोन मिला रहा हूँ। कंपनी शायद दूसरे ग्राहकों की दीवाली यादगार बनाने में व्यस्त है। मैं आशावादी आदमी हूँ। उम्मीद है, अगली दीवाली तक दूसरा जूता भी आ जाएगा। तब तक पहला सुरक्षित रखूँगा। इधर दूसरी कंपनियाँ भी पीछे पड़ी हैं। कोई घड़ी भेजना चाहती है, कोई परफ्यूम, कोई हेयर ड्रायर। मैं साहित्यिक पत्रिका के संपादक की तरह सबके प्रस्ताव खेद सहित अस्वीकार कर रहा हूँ। उनके प्रेम को ठुकराते हुए दुख अवश्य होता है। लेकिन जिस कंपनी ने सबसे पहले मुझसे प्रेम किया, उसे जीवन भर नहीं भूलूँगा। आखिर पहला प्यार, पहला ही होता है जी! बस फर्क इतना है कि इस प्रेम में दिल नहीं, दाएँ पैर का जूता मिला है।

परिचय :-  डॉ. मुकेश ‘असीमित’
निवासी : गंगापुर सिटी, (राजस्थान)
व्यवसाय : अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ
लेखन रुचि : कविताएं, संस्मरण, व्यंग्य और हास्य रचनाएं
प्रकाशन : शीघ्र ही प्रकाशित  पुस्तक “नरेंद्र मोदी का निर्माण: चायवाला से चौकीदार तक” (किताबगंज प्रकाशन से), काव्य कुम्भ (साझा संकलन) नीलम पब्लिकेशन, काव्य ग्रन्थ भाग प्रथम (साझा संकलन) लायंस पब्लिकेशन।
प्रकाशनाधीन : व्यंग्य चालीसा (साझा संकलन)  किताबगंज   प्रकाशन,  गिरने में क्या हर्ज है -(५१ व्यंग्य रचनाओं का संग्रह) भावना प्रकाशन। देश विदेश के जाने माने दैनिकी, साप्ताहिक पत्र और साहित्यिक पत्रिकाओं में नियमित रूप से लेख प्रकाशित।
घोषणा पत्र : मैं यह प्रमाणित करता हूँ कि सर्वाधिकार सुरक्षित मेरी यह रचना, स्वरचित एवं मौलिक है।

राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर अपनी रचनाएँ प्रकाशित करवाने हेतु अपनी कविताएं, कहानियां, लेख हिंदी में टाईप करके हमें hindirakshak17@gmail.com पर अणु डाक (मेल) कीजिये, अणु डाक करने के बाद हमे हमारे नंबर 98273 60360 पर सूचित अवश्य करें …🙏🏻 राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच का सदस्य बनने हेतु हमारे चलभाष क्रमांक 98273 60360 पर अपना नाम और कृपया मुझे जोड़ें लिखकर हमें भेजें…🙏🏻

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *