बहुत याद आया भुलाने से पहले
नवीन माथुर पंचोली
अमझेरा धार म.प्र.
********************
बहुत याद आया भुलाने से पहले।
कि जी भर रुलाया हँसाने से पहले।
शिकायत,हिदायत,अदावत,बग़ावत,
इन्हें आज़माया निभाने से पहले।
रखूँगा सजाकर जिसे अपने दिल में,
वही सब जताया छुपाने से पहले।
यही आसमाँ की रिवायत रही है,
सभी को उठाया गिराने से पहले।
मिला यार मुझसे कभी जब कहीं तो,
वो रूठा-रुठाया मनाने से पहले।
भरोसा नहीं था जिसे गा सकूँगा,
उसे गुनगुनाया सुनाने से पहले।
परिचय :- नवीन माथुर पंचोली
निवास : अमझेरा धार म.प्र.
सम्प्रति : शिक्षक
प्रकाशन : देश की विभिन्न पत्रिकाओं में गजलों का नियमित प्रकाशन, तीन ग़ज़ल सन्ग्रह प्रकाशित।
सम्मान : साहित्य गुंजन, शब्द प्रवाह, राष्ट्रीय हिंदी रक्षक मंच इंदौर (hindirakshak.com) द्वारा हिन्दी रक्षक २०२० राष्ट्रीय सम्मान
घोषणा पत्र : प्रमाणित किया जाता है कि रचना पूर्णतः मौलिक है।
...























