Wednesday, November 18राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर आपका स्वागत है... अभी सम्पर्क करें ९८२७३६०३६०

समय काटे नहीं कटता

डॉ. मुकेश ‘असीमित’
गंगापुर सिटी, (राजस्थान)

********************

दो तरह के लोग होते हैं। एक वो, जिनके पास समय ही नहीं है काटने को, और एक वो, जिनके पास समय की फसल हमेशा लहलहाती रहती है, बस काटना ही तो है उसे। जिनके पास समय नहीं है, वो सूने, बंजर खेत से दीन-हीन बस भागते-दौड़ते रहते हैं, अगर समय मिले तो इसे काटें। दाँतरी हाथ में लिए समय को ढूँढ रहे हैं, समय है कि मिलता ही नहीं। भाग रहे हैं बदहवास से, न खा रहे, न पी रहे, न सो रहे, बस दिन भर दौड़ लगा रहे हैं- ऑफिस से घर, घर से ऑफिस- घड़ी की सुई को गरियाते हुए, हर जगह समय के पीछे दाँतरी लेकर बस मिल जाए तो उसका गला पकड़कर रेत देंगे, पटखनी दे देंगे। ये अक्सर कहते रहते हैं कि समय काटने का हुनर है इनके पास , लेकिन समय मिले तो। ये उन्हें देखकर बड़े दुखी होते हैं जिनके पास समय ही समय है पर काटना नहीं आता। हिकारत भरी नज़रों से देखते हैं, तिरस्कृत सी उपहास भरी नजरों से। “यार, आपको खूब मिल जाता है समय, बताओ ऐसी फ्री समय, फ़ोकट का यहाँ तो सुबह से शाम तक ढूँढो, मिलता ही नहीं।”

तो ये वो लोग हैं जिनके पास समय है, चुनावी रेबडीयों की तरह भरपूर, लेकिन काटना नहीं आया कैसे काटें, इसी से परेशान हैं। ये समय लेकर आपके पास आते हैं आप हैं कि धड़ाधड़ समय काट रहे हैं, और आपकी दाँतरी को तीखी नज़रों से देख रहे हैं। बैठ गए आपके सामने, पटक दिया अपना समय भी आपके पास “लो, हमारा भी काट दो।” मैंने कहा, “यार, आपका समय है, आप खुद ही काटो।” बोले, “नहीं, मुझसे नहीं कटता यार।” ये रिटायर हो गए हैं। जब नौकरी में थे तो समय ऐसे काटते थे कि पूछो मत। मेरी एक फाइल अटकी थी इनके पास, मुझे दो महीने तक इनके ऑफिस में समय काटने का मौका मिला। घंटों बैठाए रहते चाय-पानी, देश-विदेश की बातें, गली-मोहल्ले की, अपने दुश्मनों के काले-पीले कारनामे मेरे सामने रख देते मेरे समय को बस एक नज़र मारतेजैसे क्या पिद्दी सा समय था मेरा यार, मेरे समय का तो जैसे कोई मोल ही नहीं न, जाने कितने मेरे जैसे इनके ऑफिस के चक्कर काटते रहते।
ये और भी समय काटते, लेकिन हमने मालूम किया इनकी रेट इनके करीब के रिश्तेदार से l इनकी दाँतरी को रिश्वत का सिन्दूर लगाया, तब जाकर इनकी दाँतरी शांत हुई और मेरा समय काटना बंद किया। लेकिन दूसरों का समय काटते-काटते खुद का समय पड़ा पड़ा सड़ जाएगा, ये इन्होने कभी सोचा ही नहीं। इन्हें लगा कि खुद के समय का क्या है, कभी भी काट लेंगे। अब रिटायर हो गए तो पड़े हैं सभी के पीछे, “भाई, मेरा समय काटो।”
बीवी से गुज़ारिश की, “चलो समय काटते हैं घूमने चलें, शाम को चाय पर बैठें, सत्संग में चलें साथ, दो-चार संस्थाएँ जॉइन कर लें।” लेकिन उनकी श्रीमती जी की समय काटने की अपनी फिलॉसफी है, जो उन्होंने बहुत पहले से इनके रिटायर होने के बाद ही प्लान कर रखी थी। उन्हें थैला पकड़ा दिया, “सब्ज़ी ले आओ, गमलों में पानी दे दो, गाय को रोटी दे दो अखबार चाट लो।” फिर इन्होने सोचा चलो लेखनी की धार से कागज काल करके काटते हैं समय को ,लेकिन देखा की लोग इनसे कन्नी काटने लगे हैं ,कोई इनकी कविता सुनने को तैयार नहीं ,सब भागे जा रहे हैं अपने ही समय को कंधे पर लादे बस।
बच्चे सब बाहर नौकरी पर, घर में एक कुत्ता भी पाल लिया। लेकिन कुत्ते का भी अपना समय है, वो उसे ही काटने में व्यस्त पड़ोस की कुतिया के साथ। जो कभी इनके दफ्तर के चक्कर लगाते रहते थे अपना समय कटवाने के लिए, अब इनसे कन्नी काटने लगे हैं। इन्हें पता नहीं कहाँ से मालूम पड़ गया कि मैं समय अच्छा काटता हूँ, बस आ जाते हैं मेरे चैंबर में। मैं देख रहा हूँ जैसे ही आते हैं, अपना समय मेरे चैंबर में बिखेर देते हैं- मेरे ओपीडी के मरीजों में, स्टाफ में, दीवारों पर, मेरी अलमारी के पीछे लगे मोमेंटो में, टेबल पर बिछे हुए पर्चों, अखबारों में। ले आते हैं गली-मोहल्ले, देश-विदेश, रिश्तेदार, पड़ोसी, सभी की बातें। एक-एक कर कटवा रहे हैं मुझसे समय समय है कि खत्म ही नहीं हो रहा। ऐसा नहीं है की खुद का समय काट रहे हैं बल्कि` मेरे समय काटने में भी मदद कर रहे हैं मुफ्त की सलाह दे रहे हैं मेरे मरीजों को, “अरे, आप यहाँ कहाँ आ गए इसके लिए तो देसी नुस्खा अपना लो, उस पहलवान के पास चले जाओ अपना समय वहाँ कटवाओ ,डॉक् साहब को तो बस मेरा समय काटने दो।”

चाय भी आ गई है चाय की चुस्कियों के बीच उनका फोन भी आ गया है फोन आते ही देखा, वो हड़बड़ी में अपने समय को समेट रहे हैं, उनकी श्रीमती जी का फोन है। उड़ती सी बात मेरे कानों में भी पड़ गई है कि नातियों का स्कूल से आने का समय हो गया है उन्हें बस से घर तक लाना है।
कुछ समय पड़ा रह गया उनका कटे बिना मैंने कहा, “वो आप अपने बेटे की नौकरी के बारे में बता रहे थे, कुछ नया मामला हुआ क्या?”
“कल आता हूँ, गर्ग साहब अभी थोड़ी अर्जेंसी है।” तसल्ली दे गए हैं मुझे कल फिर आएंगे। आखिर मैं हूँ न समय काटने में एक्सपर्ट।

परिचय :-  डॉ. मुकेश ‘असीमित’
निवासी : गंगापुर सिटी, (राजस्थान)
व्यवसाय : अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ
लेखन रुचि : कविताएं, संस्मरण, व्यंग्य और हास्य रचनाएं
प्रकाशन : शीघ्र ही प्रकाशित  पुस्तक “नरेंद्र मोदी का निर्माण: चायवाला से चौकीदार तक” (किताबगंज प्रकाशन से), काव्य कुम्भ (साझा संकलन) नीलम पब्लिकेशन, काव्य ग्रन्थ भाग प्रथम (साझा संकलन) लायंस पब्लिकेशन।
प्रकाशनाधीन : व्यंग्य चालीसा (साझा संकलन)  किताबगंज   प्रकाशन,  गिरने में क्या हर्ज है -(५१ व्यंग्य रचनाओं का संग्रह) भावना प्रकाशन। देश विदेश के जाने माने दैनिकी, साप्ताहिक पत्र और साहित्यिक पत्रिकाओं में नियमित रूप से लेख प्रकाशित।
घोषणा पत्र : मैं यह प्रमाणित करता हूँ कि सर्वाधिकार सुरक्षित मेरी यह रचना, स्वरचित एवं मौलिक है।

राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर अपनी रचनाएँ प्रकाशित करवाने हेतु अपनी कविताएं, कहानियां, लेख हिंदी में टाईप करके हमें hindirakshak17@gmail.com पर अणु डाक (मेल) कीजिये, अणु डाक करने के बाद हमे हमारे नंबर 98273 60360 पर सूचित अवश्य करें …🙏🏻 राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच का सदस्य बनने हेतु हमारे चलभाष क्रमांक 98273 60360 पर अपना नाम और कृपया मुझे जोड़ें लिखकर हमें भेजें…🙏🏻

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *