Monday, November 23राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर आपका स्वागत है... अभी सम्पर्क करें ९८२७३६०३६०

कार्ड आया या नहीं…?

डॉ. मुकेश ‘असीमित’
गंगापुर सिटी, (राजस्थान)

********************

शाम को मैं चाय पी रहा था कि एक मित्र ने पूछा, “यार, शादी में चलोगे?”
“किसकी शादी?”
“अपने पुराने पड़ोसी रस्तोगी जी के बेटे की। आज ही है।”
“अच्छा! हमारे यहाँ तो कार्ड आया नहीं। भूल गए होंगे। अकेले आदमी हैं, किस-किस को याद रखें!” मित्र के जाते ही मैंने आईने में अपनी शक्ल देखी। ऐसी भी क्या भूलने लायक शक्ल है! अपनी शादी में हमने उन्हें बुलाया था। उनकी बेटी की शादी में हम मोटा लिफाफा देकर आए थे। तब उन्हें हमारा घर भी याद था, नाम भी। अब बेटे की शादी इसी शहर में है और हम निमंत्रण  से बाहर हो गए! पत्नी ने पूछा, “व्हाट्सऐप देखा?”
मैंने तुरंत फोन खोला। शादियों के मौसम में दूसरों के कार्ड देखकर मुझे अपने सामाजिक रसूख की चिंता होने लगती है। रस्तोगी जी का नंबर खोजते हुए मैं मन ही मन तय कर चुका था कि कार्ड मिल भी गया तो कहूँगा, “भाईसाहब, एक फोन तो कर देते!”
वैसे फोन करने वाले भी कहाँ बचते हैं। दस दिन पहले करें तो हम भूल जाते हैं। शादी वाले दिन करें तो हम समझ जाते हैं कि उन्हें हमारा नाम अभी याद आया है। बीच में करें तो पूछ लेते हैं, “किस नंबर से कार्ड भेजा था? आपका नंबर तो सेव ही नहीं है।” उधर घर में तीन लोग हैं, शादी के काम तीस। इधर हमें फोन के बाद एक याद दिलानी भी चाहिए।
मित्र का फिर फोन आया, “तो चल रहे हो?”
“देखता हूँ यार, पेट कुछ ठीक नहीं है।”
पत्नी ने मेरी तरफ देखा। मैं तीसरा बिस्कुट चाय में डुबो रहा था। फिर मुझे खयाल आया, हो सकता है कार्ड आया हो और कहीं रख दिया गया हो। पिछले महीने भी एक कार्ड मिला था। हमारा पतला था, पड़ोसी का इतना भारी कि उन्होंने उसी से मेज का हिलता पाया जमा लिया।  कार्ड की जाँच वजन पर खत्म नहीं होती। देने कौन आया? हाथ में दिया या मेज पर रखकर चला गया? मुस्कराया कितना? एक बार कार्ड पर ‘सपरिवार’ लिखा था, मगर देने वाले ने मेरे पास बैठे पिताजी से पधारने को नहीं कहा।
पिताजी बोले, “तुम्हें दिया है, तुम जाओ।” एक बार मेरा नाम काटे हुए किसी दूसरे नाम के ऊपर लिखा मिला। पत्नी ने कहा, “तुम्हें भी तो बुलाया है।” मैंने कहा, “हाँ, किसी को दो कार्ड लिख दिए होंगे, काट कर मेरा लिखा है।”
समधी जी के नाम के आगे ‘समधी जी’ छूट जाए या जमाई के आगे ‘कुँवर साहब, तो छपाई की भूल भी रिश्तेदारी की बैठक बुलवा सकती है। मामा के यहाँ से कार्ड आए तो साथ में सब्जी-शगुन की पूछ होती है। और शादी किसकी है, इससे घर में कार्यक्रम की प्राथमिकता तय होती है। मेरे चचेरे भाई के यहाँ पत्नी कहती हैं, “आप चले जाना, कन्यादान दे देना।” उनके पीहर की किसी दूर की चाची की मौसी की देवरानी की बेटी के ससुराल से बुलावा आए तो दस दिन पहले मेरी शेरवानी निकल आती है। उस दिन पेट खराब होने की गुंजाइश भी नहीं रहती। एक ही शाम चार कार्ड आ जाएँ तो हम बाकायदा अफसरी दौरे कि तरह एक शादी से दूसरी में कूदते फांदते  हैं। वर्मा जी के यहाँ कुल्फी, सक्सेना जी के यहाँ रोटी। वर्मा जी मिठाई आगरा से मँगवाते हैं और सक्सेना जी के यहाँ हमारा फेवरिट बल्ले हलवाई है। तीसरी शादी में बेटे के हाथ भेंट भेज देंगे। चौथी के लिए पिछली बार का अनुभव काफी है। वहाँ रोटी की प्रतीक्षा करते-करते दूल्हे की विदाई हो गई थी।
अब कई लोग कार्ड के साथ मिठाई, नारियल और विदाई के रुपये भी पहले ही भेज देते हैं। शादी के बाद फोन आता है, “व्यवस्था कैसी लगी? मैं मिल नहीं पाया। लड़केवालों से लेन-देन में उलझ गया था। वैसे विदाई मिल गई थी न?” आप कहते हैं, “मैं आ नहीं पाया, मगर लिफाफा भेज दिया था।”
“हाँ, वो मिल गया था,” उधर से जवाब आता है। फिर दोनों को कुछ और पूछने की जरूरत नहीं पड़ती। इतने में पत्नी ने फोन मेरे सामने रख दिया। रस्तोगी जी का कार्ड दस दिन पहले आया था। नीचे लिखा था, “गर्ग साहब, सपरिवार ज़रूर आइएगा।” उसके नीचे उन्हीं की मिस्ड कॉल भी थी। पत्नी ने पूछा, “अब चलें? पेट कैसा है?” मैंने कार्ड खोलकर कहा, “पहले देखो, खाने का समय क्या लिखा है।”

परिचय :-  डॉ. मुकेश ‘असीमित’
निवासी : गंगापुर सिटी, (राजस्थान)
व्यवसाय : अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ
लेखन रुचि : कविताएं, संस्मरण, व्यंग्य और हास्य रचनाएं
प्रकाशन : शीघ्र ही प्रकाशित  पुस्तक “नरेंद्र मोदी का निर्माण: चायवाला से चौकीदार तक” (किताबगंज प्रकाशन से), काव्य कुम्भ (साझा संकलन) नीलम पब्लिकेशन, काव्य ग्रन्थ भाग प्रथम (साझा संकलन) लायंस पब्लिकेशन।
प्रकाशनाधीन : व्यंग्य चालीसा (साझा संकलन)  किताबगंज   प्रकाशन,  गिरने में क्या हर्ज है -(५१ व्यंग्य रचनाओं का संग्रह) भावना प्रकाशन। देश विदेश के जाने माने दैनिकी, साप्ताहिक पत्र और साहित्यिक पत्रिकाओं में नियमित रूप से लेख प्रकाशित।
घोषणा पत्र : मैं यह प्रमाणित करता हूँ कि सर्वाधिकार सुरक्षित मेरी यह रचना, स्वरचित एवं मौलिक है।

राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच पर अपनी रचनाएँ प्रकाशित करवाने हेतु अपनी कविताएं, कहानियां, लेख हिंदी में टाईप करके हमें hindirakshak17@gmail.com पर अणु डाक (मेल) कीजिये, अणु डाक करने के बाद हमे हमारे नंबर 98273 60360 पर सूचित अवश्य करें …🙏🏻 राष्ट्रीय हिन्दी रक्षक मंच का सदस्य बनने हेतु हमारे चलभाष क्रमांक 98273 60360 पर अपना नाम और कृपया मुझे जोड़ें लिखकर हमें भेजें…🙏🏻

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *